जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी गोलचक्कर के पास स्थित प्रतीक पावर मिल में गुरुवार को अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिजली के तारों में फॉल्ट आने के बाद आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे मिल परिसर में अफरातफरी मच गई और कर्मचारियों में दहशत फैल गई. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन विभाग और मिल प्रबंधन को सूचना दी. मौके पर पहुंची दमकल टीम और कर्मचारियों के संयुक्त प्रयास से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया. त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया. घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. हालांकि आग की वजह से मिल के कुछ विद्युत उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए हैं. फिलहाल प्रबंधन नुकसान का आकलन कर रहा है. साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्युत प्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू कर दी गई है.







