जमशेदपुर : व्यापारिक सुगमता एवं बाजारों में रोजमर्रा के लेनदेन के दौरान रेज़गारी (सिक्कों) की कमी से दुकानदारों एवं व्यापारियों को हो रही कठिनाइयों के समाधान के लिए सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से निरंतर चलाए जा रहे सिक्का वितरण अभियान के तहत आज सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से ₹5,00,000 मूल्य के सिक्कों का वितरण किया गया. चैंबर द्वारा शुरू किया गया यह अभियान व्यापारियों एवं आम उपभोक्ताओं के बीच अत्यंत लोकप्रिय साबित हो रहा है. विभिन्न बैंकों के सहयोग से अब तक इस अभियान के तहत लगभग ₹55 लाख मूल्य के सिक्कों का वितरण किया जा चुका है, जिससे बाजारों में छोटे लेनदेन को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण सहायता मिली है. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर सिंहभूम चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि चैंबर सदैव व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहा है. बाजारों में रेजगारी की कमी लंबे समय से व्यापारियों के लिए एक गंभीर समस्या बनी हुई थी, जिसे देखते हुए चैंबर ने बैंकों के सहयोग से यह विशेष अभियान प्रारंभ किया. उन्होंने कहा कि जब तक बाजारों में सिक्कों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित नहीं हो जाती, तब तक यह अभियान निरंतर जारी रहेगा. उन्होंने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैंक के सहयोग से हजारों व्यापारियों को राहत मिली है. (नीचे भी पढ़ें)
उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी एवं सचिव (ट्रेड एंड कॉमर्स) भरत मकानी ने कहा कि बाजारों में छोटे मूल्य के लेनदेन के दौरान रेज़गारी की समस्या के कारण दुकानदारों और ग्राहकों दोनों को असुविधा होती है. चैंबर की ओर से व्यापारियों की वास्तविक आवश्यकता को ध्यान में रखकर अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि अभी भी अनेक व्यापारियों एवं सदस्यों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सिक्के उपलब्ध नहीं हो पाए हैं, इसलिए उनसे धैर्य बनाए रखने का आग्रह किया गया है. चैंबर का प्रयास है कि प्रत्येक सदस्य तक रेज़गारी की उपलब्धता सुनिश्चित हो. आज के सिक्का वितरण अभियान में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सहायक महाप्रबंधक संजीत कुमार एवं कैश इंचार्ज अमित डे का विशेष सहयोग रहा, जिसके लिए चैंबर ने उनका आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम के दौरान चैंबर के उपाध्यक्ष हर्ष बाकरेवाल, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया, सचिव अंशुल रिंगसिया, सचिव विनोद शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे.







