जमशेदपुर : मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को बर्मामाइंस पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला. इस फ्लैग मार्च का नेतृत्व बर्मामाइंस थाना प्रभारी निरंजन कुमार नि किया, जिसमें पुलिस के जवानों ने विभिन्न इलाकों में पैदल गश्ती करते हुए लोगों से शांति, भाईचारे और आपसी सद्भाव से पर्व मनाने की अपील की.इस दौरान पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों, बाजारों तथा बस्ती क्षेत्रों का भ्रमण किया और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का आग्रह किया. थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने कहा कि मोहर्रम आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता का प्रतीक है तथा सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि वे प्रशासन का सहयोग करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराएं.(नीचे भी पढ़े)

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने लोगों को अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी. फ्लैग मार्च के दौरान क्षेत्र के बस्तीवासियों एवं गणमान्य नागरिकों का भरपूर सहयोग देखने को मिला. स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और शांति भंग करने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी. फ्लैग मार्च के माध्यम से लोगों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल स्थापित करने का प्रयास किया गया, जिससे पर्व के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो.इस दौरान पुलिस बल की सक्रिय मौजूदगी और स्थानीय लोगों के सकारात्मक सहयोग ने यह संदेश दिया कि बर्मामाइंस क्षेत्र में मोहर्रम का पर्व पूरी शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा.







