जमशेदपुर : कदमा स्थित श्री बाल गणपति विलास, सिविक एसोसिएशन की 106वीं वार्षिक आमसभा रविवार को संस्था परिसर में आयोजित हुई. संस्था के 107 वर्षों के गौरवशाली इतिहास के इस महत्वपूर्ण अवसर पर बड़ी संख्या में सदस्यों ने भाग लिया और संगठन की भावी योजनाओं के साथ-साथ सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं भगवान श्री गणेश की वंदना के साथ हुआ. दीप प्रज्वलन संस्था के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया. इसके बाद वर्ष 2025-26 के दौरान दिवंगत हुए सदस्यों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई. (नीचे भी पढ़ें)
संस्था के अध्यक्ष वाईके शर्मा ने अपने संबोधन में बीते वर्ष की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए आगामी योजनाओं और संस्था के विकास को लेकर सदस्यों के समक्ष अपना दृष्टिकोण रखा. महासचिव पी कृष्णा राव ने संस्था की वार्षिक गतिविधियों, सामाजिक योगदान, शैक्षणिक प्रयासों एवं सांस्कृतिक आयोजनों पर आधारित विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया. बैठक में कोषाध्यक्ष नरेश कुमार राव ने वर्ष 2025-26 के लिए श्री बाल गणपति विलास सिविक एसोसिएशन एवं बीजीवी इंग्लिश स्कूल का लेखा-जोखा (ऑडिटेड अकाउंट्स) प्रस्तुत किया. ऑडिटर बीके मूर्ति एवं पी गिरिधर राव द्वारा प्रस्तुत ऑडिट रिपोर्ट पर चर्चा के बाद उसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया. ऑडिटरों ने संस्था की पारदर्शी वित्तीय व्यवस्था की सराहना करते हुए कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए. (नीचे भी पढ़ें)
आमसभा में वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी समिति का गठन भी सर्वसम्मति से किया गया. इसके अलावा उपस्थित सदस्यों ने संस्था के विकास एवं जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिन पर आगामी कार्यकाल में अमल करने का आश्वासन दिया गया. कार्यक्रम का संचालन बी विजय कुमार ने किया, जबकि अंत में संस्था के सलाहकार बी आनंद राव ने धन्यवाद ज्ञापन किया. आमसभा सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और सदस्यों ने संस्था के विकास एवं सामाजिक सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.







