जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय द्वारा मानगो की जनता को लेकर दिए गए कथित बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मानगो चौक में मानगो कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ईश्वर सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सरयू राय पुतला दहन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरयू राय मुर्दाबाद, सरयू राय मानगो की जनता से माफी मांगो जैसे नारे भी लगाये. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर बोलते हुए ईश्वर सिंह ने कहा कि यदि किसी जन प्रतिनिधि द्वारा यह कहा जाता है कि मानगो के हर घर में अपराधी पैदा होते हैं, तो यह न केवल मानगो की लाखों सम्मानित जनता का अपमान है, बल्कि जनप्रतिनिधि की सोच और मानसिकता को भी दर्शाता है. उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र की जनता ने सरयू राय को अपना विधायक चुना, उसी जनता को अपराधी बताना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है. मानगो के हर घर में मेहनतकश, ईमानदार और स्वाभिमानी लोग रहते हैं, जिन्होंने अपने परिश्रम से समाज और शहर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान किया है. पूरे क्षेत्र को अपराध से जोड़कर देखना किसी भी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देता. (नीचे भी पढ़ें)

अपने चुनाव के दौरान उन्होंने जमशेदपुर की जनता से वादा किया था कि भय और भ्रष्टाचार के खिलाफ वोट दें, लेकिन सच है कि उनके कार्यकाल में सबसे ज्यादा क्राइम हो रहा है और आश्चर्य कि बात है कि वे अपराधी के समर्थन में खड़े रह रहे हैं. डीडी बार हत्याकांड में यह दिख गया है, साथ ही उनके कार्यकाल में मानगो नगर निगम की योजनाओं में उनके समर्थक संवेदकों द्वारा जो भ्रष्टाचार किया गया है वो लगातार प्रकाश में आ रहा है. ईश्वर सिंह ने कहा कि जनता का अपमान करने वाला ऐसा वक्तव्य किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है. कांग्रेस पार्टी इसकी कड़ी निंदा करती है और विधायक सरयू राय से मांग करती है कि वे अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से मानगो की जनता से बिना शर्त माफी मांगें.







