
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित ह्यूम पाइप चंडीनगर निवासी सुशील डे का बुधवार दोपहर नए कोर्ट परिसर के गेट नंबर-3 के पास से अपहरण कर लिया गया. परिजनों के अनुसार, सुशील डे अपने एक साथी के साथ बाइक के पास खड़ा था. इसी दौरान काले रंग की थार कार से अजीत मंडल अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा. आरोप है कि दोनों ने पहले सुशील के साथ मारपीट की और फिर उसे जबरन थार में बैठाकर कदमा की ओर ले गए. (नीचे देखे पूरी खबर)

घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस सक्रिय हो गयी. इस बीच कथित अपहरण में इस्तेमाल की गई थार का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. बताया जा रहा है कि पकड़े जाने के डर से आरोपी देर शाम सुशील डे को उलीडीह थाना क्षेत्र में छोड़कर थार कार सहित फरार हो गए. सूत्रों के अनुसार, पिछले चार से पांच महीनों से अजीत मंडल सुशील डे की तलाश कर रहा था. हालांकि, कथित अपहरण के पीछे की वास्तविक वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है. परिजनों ने घटना की सूचना सीतारामडेरा और उलीडीह थाना पुलिस को दे दी है. समाचार लिखे जाने तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच कर रही है.







