
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के दिघी पुल के समीप बुधवार दोपहर करीब तीन बजे तेज रफ्तार बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे में स्कूटी सवार दो युवक घायल हो गए, जबकि बाइक चालक मौके से फरार हो गया. घायलों की पहचान राजनगर के लक्खीपुर निवासी लाल हेंब्रम (30) और राहुल हेंब्रम के रूप में हुई है. (नीचे देखे पूरी खबर)
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया. डॉक्टरों के अनुसार, लाल हेंब्रम के एक पैर की हड्डी टूट गई है और उनका इलाज जारी है. घायल लाल हेंब्रम ने बताया कि वह सासानडीह गांव स्थित अपने रिश्तेदार के घर से स्कूटी से लौट रहे थे. इसी दौरान दिघी पुल के पास तेज रफ्तार बाइक ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद बाइक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया.






