आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर के व्यस्ततम आरआइटी मोड़ के पास रविवार शाम बेखौफ अपराधियों ने एक युवक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों में दहशत फैल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरआइटी मोड़ के समीप दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई. इसी दौरान एक युवक ने धारदार हथियार निकालकर दूसरे पर हमला कर दिया और बीच सड़क पर उसे दौड़ा-दौड़ाकर घायल कर दिया. हमले के समय घायल युवक के साथ मौजूद एक छोटा बच्चा सुरक्षित बच गया, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल युवक को गंगोत्री अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
व्यस्त सार्वजनिक स्थल पर हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अपराधियों के बढ़ते हौसलों पर तत्काल लगाम लगाने की जरूरत है. लोगों ने जिला प्रशासन से आरआईटी मोड़ जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.







