मझगांव : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनापोस पंचायत के आंवला टोला रेडगासाई गांव में सोमवार देर शाम पालतू कुत्ते और बकरी को लेकर हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. घटना में रिश्ते के मामा-भगिनी गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों का इलाज मझगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है. जानकारी के अनुसार, सावित्री पिंगुवा (30), पति मंगल सिंह पिंगुवा, और सिंगराई भुसुय (32), पिता लादु भुसुय, के बीच पालतू जानवरों को लेकर कहासुनी हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
सावित्री पिंगुवा ने आरोप लगाया कि सिंगराई भुसुय ने ट्रैक्टर के रॉड से उनके सिर पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं. वहीं सिंगराई भुसुय और उनकी पत्नी सुखमति भुसुय का आरोप है कि सावित्री के पालतू कुत्ते द्वारा उनकी बकरी और मुर्गियों को नुकसान पहुंचाने की शिकायत करने पर सावित्री ने जलावन की लकड़ी से सिंगराई के सिर पर वार कर दिया.
घटना के बाद दोनों पक्ष अलग-अलग वाहनों से मझगांव थाना पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी. पुलिस दोनों घायलों को उपचार के लिए मझगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सक डॉ सनातन चातार ने प्राथमिक उपचार कर गंभीर घावों पर टांके लगाए. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.















