चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के धधकिदिह निवासी सुफल मुर्मू ने कुख्यात इनामी नक्सली महाराज प्रामाणिक के नाम का इस्तेमाल कर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है. इस संबंध में उन्होंने चांडिल थाना में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है. शिकायत के अनुसार 16 जुलाई 2026 की रात करीब 8:33 बजे उनके सहयोगी नरेश कुमार साहू के मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आया. कॉल करने वाले ने स्वयं को महाराज प्रामाणिक बताया. आरोप है कि बाद में कॉन्फ्रेंस कॉल के माध्यम से अन्य लोगों को भी बातचीत में शामिल किया गया. सुफल मुर्मू ने राजू कुम्हार, कार्तिक प्रमाणिक, राजू किस्कू, नयन सोरेन समेत अन्य लोगों पर प्रतिमाह 20 हजार रुपये रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी देने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. (नीचे भी पढ़ें)
आवेदन में यह भी कहा गया है कि उन्हें भालूकोचा स्थित होटल यदुवंशी बुलाया गया, जहां कथित तौर पर हथियार के बल पर डराने-धमकाने का प्रयास किया गया. सुफल मुर्मू का दावा है कि वह किसी तरह वहां से अपनी जान बचाकर निकलने में सफल रहे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अगले दिन रास्ते में रोककर रंगदारी नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई.
पीड़ित ने पुलिस से संबंधित मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और तकनीकी जांच कराने के साथ-साथ स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है. चांडिल थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.















