जमशेदपुर: बुधवार को हुई मूसलधार बारिश ने शहर की रफ्तार पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया. लगातार तेज बारिश के कारण शहर के कई निचले और प्रमुख इलाकों में भारी जलजमाव हो गया, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. घुटनों तक पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. बारिश के कारण साकची, मानगो, कदमा, गोलमुरी और बिष्टुपुर समेत कई प्रमुख व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों की सड़कें पानी में डूब गईं. जलभराव के बीच दर्जनों दोपहिया और चारपहिया वाहन फंस गए, जबकि कई वाहन आधे से अधिक पानी में डूबे नजर आए. पानी में वाहन बंद होने से मुख्य सड़कों पर लंबा जाम लग गया और लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी. (नीचे भी पढ़ें)

अचानक हुई तेज बारिश के कारण बाजारों और दफ्तरों से घर लौट रहे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं. शहर की जलनिकासी व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई. स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की. मौसम विभाग के अनुसार, जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर भारी बारिश होने की संभावना है. इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचें, सावधानी बरतें और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें. (नीचे भी पढ़ें)

गुरुवार को इन जिलों में अलर्ट : मौसम विभाग रांची केंद्र के अभिषेक आनंद के मुताबिक राज्य के 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है. इस दौरान खूंटी, रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गुमला, लोहरदगा, लातेहार जिला में येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं शेष जिलों में बूंदाबांदी का अनुमान है.




