जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में गिरिडीह के एक कारोबारी के बैंक खाते से 10,462 रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. पीड़ित मानिक कुमार साव की शिकायत पर बर्मामाइंस थाना पुलिस ने तीन दुकानदारों के खिलाफ धोखाधड़ी और बेईमानी की नीयत से बैंक खाते से पैसे निकालने का मामला दर्ज किया है. जानकारी के अनुसार, मानिक कुमार साव गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र स्थित तेतरिया गांव के निवासी हैं. उनका बर्मामाइंस के कुछ दुकानदारों के साथ लंबे समय से कारोबारी संबंध था और दोनों पक्षों के बीच माल का नियमित लेन-देन होता था. इसी दौरान आरोपियों ने कथित रूप से फोनपे के माध्यम से उनके बैंक खाते से 10,462 रुपये निकाल लिए. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस के अनुसार, मामले में परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह पोस्ट ऑफिस के पास रहने वाले करण कुमार प्रसाद, सन्नी प्रसाद और सुखबीर सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. आरोपियों के मोबाइल नंबर के आधार पर उनसे संपर्क किया जा रहा है और उन्हें पूछताछ के लिए थाना बुलाया जा रहा है. बर्मामाइंस थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है. जांच में प्राप्त साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.




