जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में पिछले पांच दिनों से ठप पड़े डोर-टु-डोर कचरा संग्रह का कार्य बुधवार से पुनः शुरू होने पर वार्ड पार्षद एवं भाजपा नेता अनिल मोदी ने संतोष व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि नगर पार्षदों द्वारा लगातार बनाए गए दबाव तथा विशेष पदाधिकारी द्वारा कचरा संग्रहण एजेंसी के पदाधिकारियों के साथ हुई वार्ता के बाद आज से पूरे जुगसलाई क्षेत्र में कचरा उठाव का कार्य पुनः शुरू हो गया, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिली है. उन्होंने कहा कि नगर परिषद को सुनिश्चित करना चाहिए कि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा उत्पन्न न हो. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि यदि संबंधित एजेंसी भविष्य में भी अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतती है, तो उसे तत्काल ब्लैकलिस्ट किया जाना चाहिए. एजेंसी संचालक कितने ही प्रभावशाली या रसूख वाले क्यों न हों, जनहित के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने एजेंसी को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वह अपनी कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाएं और नियमित रूप से डोर-टु-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित करें. यदि भविष्य में फिर से लापरवाही सामने आती है, तो एजेंसी अपना बोरिया-बिस्तर समेटने के लिए तैयार रहे. उन्होंने कहा कि जुगसलाई की जनता के हितों की रक्षा के लिए पार्षद हमेशा तत्पर रहेंगे और जन समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रहेगा.















