चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल क्षेत्र अंतर्गत कुकडू प्रखंड के कुदा गांव में गुरुवार तड़के एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया. हाथी ने पहले गांव में एक कटहल के पेड़ को तोड़कर उसके फल खाए, इसके बाद किसान निखिल महतो के घर पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों के अनुसार, सुबह करीब 3:30 से 4:00 बजे के बीच हाथी अचानक गांव में घुस आया. पहले उसने कटहल के पेड़ को नुकसान पहुंचाया और फिर निखिल महतो के घर में तोड़फोड़ की. उस समय घर में मौजूद परिवार के सदस्य किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन घर को काफी नुकसान पहुंचा है. (नीचे भी पढ़ें)

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है. इससे लोगों में भय का माहौल है और रात के समय घर से बाहर निकलना भी जोखिम भरा हो गया है. लोगों को अपनी फसलों, मकानों और जान-माल की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है. घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने, आबादी वाले क्षेत्रों में उनके प्रवेश को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा प्रभावित किसान निखिल महतो के क्षतिग्रस्त घर का सर्वे कर सरकारी प्रावधान के तहत शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है. साथ ही प्रभावित गांवों में वन विभाग की नियमित गश्त बढ़ाने और लोगों को जंगली हाथियों से बचाव के प्रति जागरूक करने की भी अपील की है.





