जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला युवा कांग्रेस कमेटी ने दिल्ली में जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का विरोध जताया. इसे लेकर अध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया. कमेटी ने आरोप लगाया कि छात्रों पर लाठीचार्ज और धक्का-मुक्की की गई जोकि गलत है. नेताओं ने कहा कि नीट के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है और शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान बल प्रयोग नहीं होना चाहिए था. युवा कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और शिक्षा मंत्री से पद छोड़ने की मांग भी की गई. इस संदर्भ में पुरविंदर सिंह ने कहा कि हाल के समय में नीट पेपर लीक की घटनाओं ने करोड़ों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है. (नीचे भी पढ़ें)
वर्षों की कठिन मेहनत और तैयारी के बावजूद विद्यार्थियों का विश्वास परीक्षा प्रणाली से डगमगा गया है. पेपर लीक के सदमें के कारण अनेकों छात्रों ने आत्महत्या कर लिए, यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है तथा शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है. इसके अतिरिक्त, अपने अधिकारों और न्याय की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग, लाठीचार्ज, आसूगैस तथा अन्य कठोर कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है. (नीचे भी पढ़ें)

लोकतंत्र में अपनी बात शांतिपूर्ण ढंग से रखने का अधिकार प्रत्येक नागरिक को प्राप्त है. छात्रों की मांगों का समाधान संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए, न कि दमनात्मक कार्रवाई के जरिए. पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी राष्ट्रपति से नीट सहित सभी परीक्षा-पत्र लीक मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने, परीक्षा प्रणाली को पूर्णतः पारदर्शी, सुरक्षित एवं जवाबदेह बनाने के लिए प्रभावी और स्थायी व्यवस्था लागू किए जाने, छात्रों पर की गई बलपूर्वक कार्रवाई की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई किए जाने, छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने, परीक्षा प्रबंधन में हुई गंभीर चूक की नैतिक जिम्मेदारी तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रथान को पद से हटाए जाने और छात्रों पर हुई बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफा दिए जाने की मांग की गई है. ज्ञापन सौंपने में आशुतोष सिंह, फिरोज खान, संजीव राजन, रविंद्र मौर्या, बिरेंद्र तिवारी, राज किशोर, रियाजुद्दीन खान, रविन्द्र कुमार झा, राजेश कुमार, निखिल तिवारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे.




