जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी निवासी अभिषेक कुमार सिंह ने एक व्यक्ति पर फ्रेंडली लोन के रूप में लिए गए 1.80 लाख रुपये वापस नहीं करने और झूठे मामले में फंसाने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने और अपनी बकाया राशि वापस दिलाने की मांग की है. शिकायत के अनुसार, सोनारी के कुम्हारपाड़ा निवासी बजरंग प्रसाद ने आपसी सहमति से अभिषेक कुमार सिंह से 1.80 लाख रुपये फ्रेंडली लोन के रूप में लिए थे. दोनों के बीच हुए एग्रीमेंट के अनुसार, पूरी राशि लौटाने तक उधार लेने वाले को हर माह 10 प्रतिशत मुआवजा देना था. आरोप है कि कुछ समय तक भुगतान करने के बाद बजरंग प्रसाद ने न तो मूल राशि लौटाई और न ही मुआवजा देना जारी रखा. (नीचे भी पढ़ें)
अभिषेक कुमार सिंह का कहना है कि रुपये मांगने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा. फोन पर आत्महत्या करने की धमकी देता था और जब वह पैसे मांगने उसके घर पहुंचे तो आरोपी और उसके पिता ने जान से मारने की धमकी दी. उन्होंने बताया कि 18 नवंबर 2025 को इस संबंध में सोनारी थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी. जांच के दौरान दोनों पक्षों को बुलाया गया, जहां आरोपी ने कर्ज लेने की बात स्वीकार करते हुए एक समझौता पत्र (कम्प्रोमाइज नोट) दिया. इसमें मई 2026 तक पूरी राशि लौटाने का वादा किया गया था. साथ ही यह भी उल्लेख था कि तय समय तक भुगतान नहीं होने पर शिकायतकर्ता कानूनी कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र होंगे. (नीचे भी पढ़ें)
शिकायतकर्ता का आरोप है कि निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद जब उन्होंने दोबारा पैसे की मांग की तो आरोपी ने राशि लौटाने से इनकार कर दिया और कथित तौर पर कहा, “जो करना है कर लो.” इसके बाद उन्हें जानकारी मिली कि आरोपी ने उनके और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ एसएसपी कार्यालय में जबरन पैसे मांगने और मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है. अभिषेक कुमार सिंह का कहना है कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं और केवल कर्ज की राशि लौटाने से बचने के उद्देश्य से लगाए गए हैं. उन्होंने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी बकाया राशि वापस दिलाने की मांग की है.







