जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना सामने आई है. साधु डेरा स्थित लाल स्कूल के समीप शाम करीब 4:50 बजे अज्ञात चोर ने आलोक दास की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या- जेएच 05 एएन 6714) चोरी कर ली. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार, बाइक मालिक ने कुछ देर बाद लौटकर देखा तो उनकी मोटरसाइकिल मौके से गायब थी. (नीचे भी पढ़ें)
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर चोरी की पूरी वारदात कैमरे में कैद हो गई. फुटेज में एक संदिग्ध युवक बाइक लेकर फरार होता दिखाई दे रहा है. घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा. वहीं, क्षेत्र में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है.




