रांची : दिग्गज इंफोसिस ने अपने नये सीइओ के नाम का ऐलान कर दिया है. झारखंड के सरायकेला-खरसावां के राजनगर के आशीष कुमार दास 1 अप्रैल 2027 से कंपनी की कमान संभालेंगे. उनकी नियुक्ति पांच वर्षों के लिए की गई है. आशीष कुमार दास लंबे समय से इंफोसिस से जुड़े हैं और कंपनी में कई अहम नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभा चुके हैं. तकनीक, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और वैश्विक बिजनेस रणनीति में उनके अनुभव को देखते हुये उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें बधाई देते हुये अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया कि “आशिष कुमार दास को इन्फोसिस का सीइओ नामित घोषित किये जाने पर हार्दिक बधाई. यह आपके दूरदर्शी नेतृत्व, नवाचार के प्रति अटल प्रतिबद्धता और भारत की सबसे सम्मानित वैश्विक तकनीकी कंपनियों में से एक में आपके शानदार योगदान का पूरी तरह से योग्य सम्मान है. (नीचे भी पढ़ें)

मैं बड़े स्नेह के साथ डावोस में विश्व आर्थिक फोरम में आशीष जी के साथ अपनी बातचीत को याद करता हूं, जहां हमने झारखंड के खनन क्षेत्र को बदलने, डिजिटल सरकार को मजबूत करने और हमारे युवाओं को भविष्य के लिए तैयार कौशल देने के लिए एआई और उभरती तकनीकों के उपयोग पर विचारशील चर्चा की. मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में झारखंड और इंफोसिस के बीच साझेदारी और मजबूत होगी, नवाचार, कौशल विकास और प्रौद्योगिकी-संचालित समावेशी विकास के नये अवसर खोलेगी.इस नई यात्रा की शुरुआत पर उन्हें हर सफलता की शुभकामनाएं.




