कांड्रा: सरायकेला खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र के पिंड्राबेड़ा मोड़ पर शनिवार सुबह यात्रियों से भरा एक ऑटो (जेएच 05डीएम 6241) पिकअप वैन से टकराकर पलट गया. हादसे में ऑटो में सवार लगभग सभी यात्री घायल हो गए, जबकि एक महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद ऑटो चालक घायलों को मौके पर छोड़कर फरार हो गया. सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर पहुंचे तथा राहत कार्य शुरू किया. ग्रामीणों ने एम्बुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा. बताया जा रहा है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही एक अन्य ऑटो चालक दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को वहां से हटा ले गया. (नीचे भी पढ़ें)
बाद में कांड्रा थाना पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. वहीं फरार ऑटो चालक की तलाश तेज कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.




