जमशेदपुर : अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की झारखण्ड प्रदेश इकाई के आतिथ्य में बिष्टुपुर स्थित रमाडा होटल में आयोजित हुआ. अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के सत्र 2026-31 का दो दिवसीय अधिवेशन आज संपन्न हो गया. आज दूसरे दिन राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल की अध्यक्षता में हुई. अपने स्वागत उद्बोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने श्री अग्रसेन फाउंडेशन के अंतर्गत अग्रोहा शक्तिपीठ में कुलदेवी आद्य महालक्ष्मी के भव्य मंदिर के निर्माण कार्य की अब तक की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की. बैठक में वर्तमान में गठित विभिन्न राष्ट्रीय समितियों/उप-समितियों एवं प्रकोष्ठों के चेयरमैनों, संयोजकों एवं सह-संयोजकों द्वारा अब तक की प्रगति रिपोर्ट की प्रस्तुति व सम्मेलन के कार्यों को देश के विभिन्न प्रदेशों में और अधिक क्रियाशील बनाने हेतु नई समितियों के गठन एवं उनके कार्यक्षेत्र के निर्धारण पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ. अखिल भारतीय अग्रवाल युवा सम्मेलन के अध्यक्ष नंदलाल अग्रवाल एवं महिला सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वंदना टिबड़ेवाल भामाशाह संरक्षक विनीत गुप्ता, नंद किशोर अग्रवाल राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष नंदलाल अग्रवाल सहित विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे. राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ने अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन एवं श्री अग्रसेन फाउंडेशन के वित्तीय वर्ष 2025-26 के खातों व आय-व्यय की रिपोर्ट प्रस्तुत की. (नीचे भी पढ़ें)

अधिवेशन में आगामी 5 वर्षों का मिशन एवं रोडमैप तैयार किया गया, जिसमें विदेशों में बसे अग्र बंधुओं को संगठन से जोड़ने हेतु अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मेलन का प्रसार करने पर गहन विचार-विमर्श हुआ. समाज की मुख्य पत्रिका और आइटी संवाद को पूरी तरह आधुनिक व पेपरलेस वर्किंग से जोड़कर वैश्विक स्तर पर डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार करने पर सहमति बनी. समाज के युवाओं के नए स्टार्टअप्स को तकनीकी और वित्तीय सपोर्ट देने तथा आपसी व्यापारिक आदान-प्रदान को प्राथमिकता देने की नीति पर भी विमर्श हुआ. समाज के बिखरते परिवारों को बचाने और विवाह योग्य बच्चों के लिए एक अत्यंत सुरक्षित, हाइटेक ग्लोबल मैट्रिमोनियल मैचिंग सिस्टम तैयार करने पर चर्चा की गई. बैठक में समाज की भावी पीढ़ियों को अग्रसेन जी के सिद्धांतों (एक रुपया, एक ईंट) के आधुनिक स्वरूप से जोड़ने और संगठन को पूरी तरह कॉर्पोरेट मॉडल में ढालने पर दीर्घकालिक विमर्श हुआ. वहीं दिल्ली में संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे अग्रवाल समाज के जरूरतमंद एवं योग्य छात्र-छात्राओं के लिए सुरक्षित आवास, आधुनिक लाइब्रेरी, और स्टडी सेंटर आदि की व्यवस्था करने की भूमिका पर विचार हुआ. इसी तरह समाज में फैल रही कुरीतियों और विसंगतियों में सुधार एवं अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की अनुशासन समिति गठित करने एवं नियमावली बनाने पर भी विचार हुआ एवं सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया. सम्मेलन की युवा टीम ने राष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन का एक डिजिटल एप तैयार करने की योजना पर प्रकाश डाला, जिसमें सदस्यता से लेकर अन्य सभी चीजों से संबंधित जानकारी सभी को मिल सकेगी. (नीचे भी पढ़ें)

हर जरूरत में अग्रवाल समाज के साथ खड़ी मिलूंगी – सुधा गुप्ता
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल हुई मानगो की मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि अग्रवाल समाज को हर क्षेत्र में अपनी सहभागिता बढ़ानी पड़ेगी. उन्होंने कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर समाज के उनलोगों को भरपूर साथ और सहयोग देना होगा जो स्थानीय निकाय के साथ साथ विधानसभा और लोकसभा के चुनावों में भी अपनी उम्मीदवारी दर्ज कराते हैं. उन्होंने कहा कि इन चुनावों में अग्रवालों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करनी होगी. उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी और जब भी अग्रवाल समाज को उनकी आवश्यकता पड़ेगी, वे सदैव साथ खड़ी मिलेंगी.




