जमशेदपुर: पश्चिम सिंहभूम के चाईबासा स्थित सीआरपीएफ की 197वीं बटालियन में तैनात जवान पिंटू कुमार साव (35) का बुधवार तड़के करीब 4 बजे एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया. वह मलेरिया से संक्रमित थे और मंगलवार को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जानकारी के अनुसार, 28 जुलाई को उनकी तबीयत अचानक खराब होने पर जांच कराई गई, जिसमें मलेरिया की पुष्टि हुई. इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया. चिकित्सकों के लगातार प्रयास के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली. (नीचे भी पढ़ें)
जवान के निधन की सूचना मिलते ही सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों में शोक की लहर दौड़ गई. पोस्टमार्टम के लिए पार्थिव शरीर को एमजीएम अस्पताल के शवगृह लाया गया, जहां सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम सलामी दी और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव बिहार के वैशाली जिले के फरीदपुर भेजने की तैयारी की गई. (नीचे भी पढ़ें)

बताया जाता है कि पिंटू कुमार साव की शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी. उनके परिवार में पत्नी, पांच और तीन वर्ष की दो बेटियां तथा दो माह का एक बेटा है. (नीचे भी पढ़ें)

जवान के असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. सीआरपीएफ अधिकारियों ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.




