जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना अंतर्गत स्थित नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल के बाहर मंगलवार की दोपहर छात्रों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट से अफरा-तफरी मच गई. विवाद बढ़ने पर स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को कंट्रोल किया. इस दौरान स्थानीय लोगों ने दो किशोरों को पकड़ा. उनकी तलाशी लेने पर चापड़ और चाकू बरामद किया गया. सूचना मिलते ही बिरसानगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों किशोरों समेत संबंधित छात्रों को पूछताछ के लिए थाना ले गई. पुलिस ने बरामद हथियारों को भी अपने कब्जे में ले लिया है.(नीचे भी पढ़े)

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद की शुरुआत सोमवार को स्कूल की सातवीं और आठवीं कक्षा के दो छात्रों के बीच कहासुनी और हाथापाई से हुई थी. आरोप है कि अगले दिन सातवीं कक्षा के एक छात्र ने अपने समर्थन में बाहरी किशोरों को बुलाया. मंगलवार को स्कूल की छुट्टी होते ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया. इस दौरान एक छात्र खुद को बचाने के लिए दौड़कर वापस स्कूल परिसर के अंदर चला गया.(नीचे भी पढ़े)

घटना के दौरान मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया और दो संदिग्ध किशोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. घटना के बाद स्कूल के बाहर कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बना रहा. हालांकि समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई.
स्कूल प्रबंधन ने फिलहाल मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है. बिरसानगर थाना पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है तथा यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार लेकर आए किशोरों का छात्रों से क्या संबंध था और उन्हें किसने बुलाया था. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.




