रांची : असम में आई भीषण बाढ़ के मद्देनज़र झारखंड सरकार ने मानवीय पहल करते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष, असम में 3 करोड़ रुपये की सहायता दी है. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस संबंध में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिश्वा शर्मा को पत्र लिखकर राज्य की ओर से पूर्ण एकजुटता और सहयोग का भरोसा दिलाया है. मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि असम वर्तमान में विनाशकारी बाढ़ के कारण गंभीर संकट का सामना कर रहा है, जिसमें जान-माल की भारी क्षति हुई है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं. इस कठिन समय में असम के लोगों के साथ खड़ा होना हम सभी का नैतिक दायित्व है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार और राज्य के नागरिक बाढ़ प्रभावित लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और राहत एवं पुनर्वास कार्यों में हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं. इसी भावना के तहत राज्य सरकार ने 3 करोड़ रुपये की सहायता देने का निर्णय लिया. मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने झारखंड के सक्षम नागरिकों से भी अपील की है कि वे आगे बढ़कर असम के बाढ़ पीड़ितों की सहायता करें. उन्होंने असम के लोगों के साहस और धैर्य की सराहना करते हुए कहा कि इस विपरीत परिस्थिति में भी वे एक-दूसरे का सहारा बन रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
पत्र में उन्होंने माँ कामाख्या से प्रार्थना की कि असम जल्द ही इस आपदा से उबरकर सामान्य जनजीवन की ओर लौटे. उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि यदि भविष्य में किसी अतिरिक्त सहायता की आवश्यकता होगी, तो झारखंड सरकार हर संभव सहयोग के लिए तैयार रहेगी. अंत में मुख्यमंत्री ने झारखंड की जनता की ओर से असम के सभी प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में सभी को मिलकर मानवता को सर्वोपरि रखना चाहिए. वहीं असम के मुख्यमंत्री ने श्री हेमंत सोरेन का आभार जताया है.







