जमशेदपुर: सावन माह के पावन अवसर पर श्री नीलकंठ महादेव संघ की ओर से सावन के दूसरे सोमवार, 10 अगस्त को एग्रिको स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान में भव्य भजन संध्या एवं 10वें विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा. शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में संघ के सदस्यों ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन लगातार दसवें वर्ष आयोजित किया जा रहा है. आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है.संघ के अरविन्द कुमार और पंकज कुमार ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6:30 बजे भजन संध्या से होगी. इसमें चंडीगढ़ के प्रसिद्ध भजन गायक दीपक लख्खा और बिहार के भोजपुर (आरा) की सुप्रसिद्ध भजन गायिका स्नेहा सिंह राजपूत भगवान शिव की महिमा से ओत-प्रोत भजनों की प्रस्तुति देंगी. इसके बाद रात 8 बजे 10वें विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है.(नीचे भी पढ़े)
आयोजन समिति के अनुसार इस बार भजन संध्या का विशेष आकर्षण 8 फीट ऊंचा बर्फ से निर्मित शिवलिंग होगा, जो श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनेगा. कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है. प्रवेश के लिए किसी पास की आवश्यकता नहीं होगी और ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर बैठने की व्यवस्था रहेगी.अरविन्द कुमार ने कहा कि सावन का महीना भगवान भोलेनाथ की आराधना का सबसे पवित्र समय माना जाता है. इसी भावना के साथ श्री नीलकंठ महादेव संघ हर वर्ष धार्मिक एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस आयोजन का आयोजन करता है. उन्होंने बताया कि इस वर्ष कार्यक्रम को पहले से अधिक भव्य स्वरूप दिया गया है और हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है. संघ ने शहर एवं आसपास के सभी शिवभक्तों से परिवार और मित्रों के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर भजन संध्या का आनंद लेने तथा विशाल भंडारे में महाप्रसाद ग्रहण करने की अपील की है.आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं और शहर की कई प्रतिष्ठित हस्तियों को भी आमंत्रित किया गया है.
प्रेस वार्ता में पंकज कुमार, अरविन्द कुमार, बालकृष्ण प्रसाद, अजीत कुमार, रविशंकर सिंह, विकास कुमार, रणवीर मंडल, मुनीम सिंह, राज सिंह, मंजीत, जयपाल भगत, राजभुवन, सतीश, पिंटू, रणजीत सरकार, अमित सिन्हा, संतोष सिन्हा, राजू सानन, महेंद्र शुक्ला, सुनील, धनंजय मंडल, मनोज कुमार, दिलीप पासवान, जितेंद्र प्रसाद, बिट्टू राय सहित संघ के कई सदस्य उपस्थित रहे.




