सरायकेला: सरायकेला- खरसावां जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच आकाशीय बिजली एक बार फिर जानलेवा साबित हुई. शुक्रवार दोपहर सरायकेला थाना क्षेत्र के टेंटोपोसी पंचायत के दुबराजपुर गांव स्थित बेचीडीह टोला में वज्रपात की चपेट में आने से अनिल महतो की मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.जानकारी के अनुसार, शुक्रवार करीब साढ़े तीन बजे अनिल महतो अपने घर के अंदर बैठे हुए थे. इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजन उन्हें तुरंत इलाज के लिए सरायकेला सदर अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. (नीचे भी पढ़े)
घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया. पुलिस के अनुसार, शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है. बरसात के मौसम में सरायकेला-खरसावां जिले में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं. (नीचे भी पढ़े)
हर वर्ष कई लोग इसकी चपेट में आकर अपनी जान गंवाते हैं. ऐसे में जिला प्रशासन और मौसम विभाग लोगों से लगातार सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं. प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. अधिकारियों ने कहा है कि बिजली चमकने या तेज गर्जना होने पर खुले मैदान, खेत, ऊंचे स्थान और पेड़ों के नीचे जाने से बचें. ऐसे समय में सुरक्षित पक्के भवन के अंदर रहें तथा मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों और एडवाइजरी का पालन करें.




