रांची : झारखंड के चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव में मोहम्मद इमरोज की कथित मॉब लिंचिंग के कारण हुई मौत के मामले में झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग की पहल के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की कथित लापरवाही के मामले में चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने दो दारोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. साथ ही, उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का भी निर्देश दिया गया है. इससे पहले झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान के नेतृत्व में आयोग की टीम ने बड़गांव पहुंचकर पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया था और मोहम्मद इमरोज के परिजनों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा जानी थी. पीड़ित परिवार ने आयोग के समक्ष घटना की परिस्थितियों, कथित मारपीट, मौके पर पुलिस की मौजूदगी और घटना के दौरान पुलिस की कार्रवाई से संबंधित कई महत्वपूर्ण बातें रखी थीं. बड़गांव के दौरे के बाद अल्पसंख्यक आयोग की टीम ने चतरा सर्किट हाउस में जिले के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की थी. (नीचे भी पढ़े)

बैठक में अब तक हुई जांच, दर्ज मामलों, आरोपियों की गिरफ्तारी, पुलिस की कार्रवाई, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका तथा पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराई गई सरकारी सहायता समेत विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी ली गई थी. जांच और कार्रवाई के क्रम में चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने टंडवा थाना के एसआई सुनील सिंह, महिला एसआई दुलारी पूर्ति, कांस्टेबल दशरथ महतो और कांस्टेबल प्रदीप कुमार को निलंबित कर दिया है. इस कार्रवाई पर हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि किसी भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की ओर से ड्यूटी में लापरवाही, कर्तव्यहीनता या किसी भी प्रकार की मिलीभगत सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि इस मामले में यदि अन्य पुलिस अधिकारी भी दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि राज्य में कानून का राज कायम रखना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है. हेमंत राज में किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो. कानून से ऊपर कोई नहीं है. बड़गांव मामले में अल्पसंख्यक आयोग की पहल के बाद मौके पर मौजूद चार पुलिसकर्मियों का निलंबन महत्वपूर्ण कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है. (नीचे भी पढ़े)
अब सभी की निगाहें अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी, कथित साजिशकर्ता या मास्टरमाइंड के खिलाफ कार्रवाई, मामले की निष्पक्ष एवं पूरी जांच तथा पुलिसकर्मियों के खिलाफ शुरू की गई विभागीय कार्रवाई के अगले चरण पर टिकी हैं. हिदायतुल्लाह खान ने आगे कहा कि इस समय पूरे झारखंड में पुलिस बल की कमी महसूस की जा रही है. कई पुलिसकर्मियों का प्रमोशन हो चुका है, जिसके कारण विभिन्न थानों में जवानों की कमी की स्थिति सामने आ रही है. उन्होंने कहा कि इस मामले में चतरा एसपी द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई सराहनीय है. घटना के बाद क्षेत्र में उत्पन्न स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने में चतरा एसपी के नेतृत्व में सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने जिस तरह मोर्चा संभाला और महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, वह प्रशंसनीय है. उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी साजिशकर्ता है, पुलिस उसे भी जल्द गिरफ्तार करेगी और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.




