जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले की ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था में एंबुलेंस की कमी एक बार फिर चिंता का विषय बन गई है. वर्षों से खराब और अनुपयोगी पड़े सरकारी एंबुलेंस को अब स्वास्थ्य विभाग नीलाम करने की तैयारी में है. जिले के कई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) से पुराने वाहनों को हटाया जा रहा है, लेकिन उनकी जगह नए एंबुलेंस उपलब्ध कराने की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है. इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन मरीजों के अस्पताल पहुंचने की सुविधा प्रभावित होने की आशंका है. स्वास्थ्य विभाग की ओर से घाटशिला, जुगसलाई-सह-गोलमुरी, बहरागोड़ा और मुसाबनी के सीएचसी में पड़े पुराने एंबुलेंसों को नीलाम करने की प्रक्रिया शुरू की गई है. घाटशिला और जुगसलाई-सह-गोलमुरी सीएचसी में दो-दो, जबकि बहरागोड़ा और मुसाबनी में भी दो-दो पुराने एंबुलेंस नीलामी के दायरे में हैं. इसके अलावा धालभूमगढ़, डुमरिया और पटमदा सीएचसी में एक-एक अनुपयोगी एंबुलेंस को नीलाम किया जा रहा है. एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में लंबे समय से खड़े कई पुराने सरकारी वाहन भी अब उपयोग के लायक नहीं बचे हैं. इनमें एंबुलेंस भी शामिल हैं. ऐसे वाहनों को कबाड़ घोषित कर नीलामी की प्रक्रिया में शामिल किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
पुराने हट रहे, नए वाहनों पर स्थिति साफ नहीं
सबसे बड़ी चिंता यह है कि कई प्रखंडों में पुराने एंबुलेंस हटने के बाद मरीजों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था क्या होगी, इसे लेकर तस्वीर स्पष्ट नहीं है. स्वास्थ्य विभाग से जुड़े लोगों के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों के कई स्वास्थ्य केंद्रों में लंबे समय से नए एंबुलेंस की जरूरत महसूस की जा रही है. उपलब्ध वाहनों में भी कई खराब पड़े हैं या बार-बार तकनीकी खराबी के कारण सेवा से बाहर हो जाते हैं. ऐसे में गंभीर मरीजों को एक स्वास्थ्य केंद्र से दूसरे अस्पताल तक ले जाने के लिए मुख्य रूप से 108 एंबुलेंस सेवा पर निर्भरता बढ़ गई है. लेकिन कई बार एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने या तकनीकी खराबी के कारण मरीजों के परिजनों को निजी वाहन का सहारा लेना पड़ता है. इससे इलाज के साथ-साथ परिवहन का अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी परिवारों पर पड़ता है. एमजीएम में भी सीमित संचालन की समस्या जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भी एंबुलेंस संचालन को लेकर व्यावहारिक परेशानी बनी हुई है. अस्पताल में चार एंबुलेंस उपलब्ध हैं, जबकि पांच चालक पदस्थापित हैं. शिफ्ट के अनुसार चालकों की ड्यूटी होने के कारण एक समय में सभी एंबुलेंस को संचालित करने के लिए पर्याप्त चालक उपलब्ध नहीं रहते. आपात स्थिति में एक साथ कई मरीजों को रेफर करने की जरूरत पड़ने पर यह व्यवस्था परेशानी का कारण बन सकती है.














