जमशेदपुर : जमशेदपुर के करनडीह स्थित एलबीएसएम कॉलेज में शनिवार को परीक्षा देने पहुंची एक छात्रा करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई. बारिश के दौरान कॉलेज परिसर में जमा पानी से होकर गुजरते समय छात्रा को अचानक करंट लग गया. घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. घायल छात्रा की पहचान सुंदरनगर थाना क्षेत्र के नानदूप निवासी रायगुनी बोयपाई के रूप में हुई है. वह मेजर पॉलिटिकल साइंस की परीक्षा देने कॉलेज पहुंची थी. रायगुनी ने बताया कि परीक्षा के दौरान बारिश हो रही थी और कॉलेज परिसर में पानी जमा था. जिस गेट से प्रवेश करना था, वह बंद था. दूसरे गेट की ओर जाते समय वह पानी से होकर गुजर रही थी, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गई और गिर पड़ी. छात्रा का कहना है कि कॉलेज में पहले भी करंट लगने की घटना हो चुकी है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद छात्र नेताओं और विद्यार्थियों में कॉलेज प्रशासन के प्रति आक्रोश है. उनका आरोप है कि परिसर में जलजमाव और विद्युत व्यवस्था को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ. छात्रों का कहना है कि कॉलेज की कई इमारतों में पानी टपकने और विद्युत व्यवस्था से जुड़े खतरे बने हुए हैं. सूचना मिलने पर कॉलेज के प्राचार्य मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. छात्र नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि विद्युत व्यवस्था और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो सोमवार से कॉलेज बंद कराया जाएगा. उन्होंने जरूरत पड़ने पर खतरे वाले स्थान की घेराबंदी कर आवाजाही रोकने की भी बात कही.



