सरायकेला : नीमडीह थाना क्षेत्र के चांडिल स्टेशन बस्ती स्थित शिवपुरी कॉलोनी में रविवार को पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया. जमीन-जायदाद और पैसों को लेकर हुए विवाद में 67 वर्षीय सेवानिवृत्त एएनएम सुप्रीति मजुमदार पर उनके पोते विक्की गोस्वामी ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया. सिर में गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के दौरान जमशेदपुर के टीएमएच में उनकी मौत हो गई. (नीचे भी पढ़ें)

बताया जाता है कि रविवार सुबह करीब 10 बजे सुप्रीति मजुमदार अपने घर में बैठकर अखबार पढ़ रही थीं. इसी दौरान उनका पोता विक्की गोस्वामी वहां पहुंचा. किसी बात को लेकर दोनों के बीच जमीन-जायदाद और रुपये के लेन-देन को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. परिजनों के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद विक्की ने लोहे के रॉड से सुप्रीति के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी होकर वहीं गिर गईं. (नीचे भी पढ़ें)
घटना से घर में अफरा-तफरी मच गई. परिजन उन्हें तत्काल चांडिल अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर टीएमएच रेफर कर दिया. टीएमएच में चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन चोट गंभीर होने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और उन्होंने इलाज के दौरान ही दम तोड़ दिया. इधर, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पोता विक्की गोस्वामी मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर नीमडीह थाना की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ करने के साथ ही विवाद की असली वजह की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही है. प्रारंभिक जांच में जमीन-जायदाद और रुपये का विवाद सामने आया है. हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच के बाद ही घटना के कारणों और विवाद की विस्तृत तस्वीर स्पष्ट होने की बात कह रही है. घटना के बाद शिवपुरी कॉलोनी में शोक के साथ-साथ दहशत का माहौल है.




