जमशेदपुर: झारखंड क्षत्रिय महिला संघ की तीन इकाइयों सिदगोड़ा, जुगसलाई एवं सीतारामडेरा के संयुक्त तत्वावधान में 9 अगस्त को जीवा होटल में “सावन मिलन 2026” कार्यक्रम का उत्साहपूर्ण एवं पारिवारिक वातावरण में आयोजन किया गया. इस वर्ष कार्यक्रम का विशेष आकर्षण समाज के वर्तमान समस्याओं एवं पारिवारिक परिवेश पर परिचर्चा रहा, जिसमें सभी बहनों ने बढ़-चढ़कर अपने विचार साझा किए.कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक तिलक एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ. संघ की अध्यक्ष डॉ. कविता परमार, महासचिव मंजू सिंह एवं तीनों इकाई की अध्यक्ष मनोरमा सिंह,निशा सिंह,बिमला सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जिसके बाद सभी बहनों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलन कर वातावरण को मंगलमय बनाया.(नीचे भी पढ़े)

इस वर्ष वर्तमान समय में महिलाओं को दायित्व बोध कराने के लक्ष्य हेतु नए थीम पर सावन मिलन किया गया. जिसके विचार-विमर्श सत्र में “समाज के वर्तमान समस्याएं”, “पारिवारिक परिवेश में बदलते संबंध” तथा “युवा पीढ़ी की चुनौतियां” जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा हुई. सभी महिलाओं ने सामाजिक मूल्यों, पारिवारिक संस्कारों एवं महिलाओं की भूमिका पर अपने अपने विचार प्रस्तुत किए. इस विचार सत्र का संचालन डॉ कविता परमार और मंजू सिंह ने किया. सबकी भावनाओं को अच्छे से समझते हुए अध्यक्ष डॉ कविता परमार ने कहा कि वर्तमान समय में परिवार के गिरते मूल्य को ठीक करना और नई पीढ़ी को संस्कार बोध कराना हम महिलाओं की जिम्मेदारी है.(नीचे भी पढ़े)
इसके साथ साथ कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में बहनों ने गीत, नृत्य, कविता एवं शायरी के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. इसी अवसर पर अनुष्का सिंह को “सावन क्वीन” तथा निब्बी सिंह को “रनर अप” घोषित किया गया, जिससे पूरे कार्यक्रम में उत्साह और बढ़ गया. इसके पश्चात मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया. कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोजन, संगीत एवं आपसी सौहार्द के साथ हुआ, जिससे यह सावन मिलन एक यादगार आयोजन बन गया.इस अवसर पर झारखंड क्षत्रिय महिला संघ की सभी पदाधिकारियों एवं सदस्याओं ने संगठन की एकता, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक समरसता को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया.




