जमशेदपुर : खरकई नदी का जलस्तर बढ़ने और डैम से पानी छोड़े जाने के बाद जमशेदपुर के कदमा के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है. इसी बीच शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर 2 निवासी 28 वर्षीय टीपू खान के बाढ़ के तेज बहाव में बहने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया है. जानकारी के अनुसार, टीपू खान अपने घर को लॉक कर सुरक्षित स्थान पर जाने की तैयारी कर रहा था. इसी दौरान वह अचानक तेज पानी के बहाव की चपेट में आ गया और बह गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के करीब एक घंटे बाद तक टीपू का कोई पता नहीं चल सका है. इसके बाद स्थानीय लोग आसपास के इलाकों और नदी किनारे उसकी तलाश में जुट गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है. (नीचे देखे पूरी खबर)

लोगों का आरोप है कि डैम से पानी छोड़े जाने की पर्याप्त सूचना समय पर नहीं दी गई, जिससे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल रेस्क्यू टीम भेजकर टीपू खान की तलाश शुरू कराने की मांग की है. फिलहाल स्थानीय लोग अपने स्तर पर टीपू की तलाश में जुटे हैं. प्रशासन की ओर से रेस्क्यू अभियान को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.




