पटमदा : बोड़ाम प्रखंड के भूला मोड़ और बारियादा गांव में बुधवार को चार-पांच दुकानों में घुसकर दुकानदारों को परेशान करने और पैसे मांगने के आरोप में तीन अनजान युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया. आक्रोशित लोगों ने तीनों की जमकर धुनाई की और बाद में उन्हें बोड़ाम थाना पुलिस के हवाले कर दिया. बताया जाता है कि तीनों व्यक्ति अलग-अलग दुकानों में पहुंचकर दुकानदारों को एक ही तरह से अपनी बातों में उलझाकर कन्फ्यूज करने का प्रयास कर रहे थे. इसके बाद वे दुकानदारों से पैसे मांग रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)
लगातार कई दुकानों में इसी तरह की गतिविधियां सामने आने पर दुकानदारों को संदेह हुआ. उन्होंने आपस में जानकारी साझा की और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को पकड़ लिया. तीनों को पकड़ने के बाद स्थानीय लोगों ने उनकी जमकर धुनाई की. बाद में उन्हें बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार के हवाले कर दिया गया. पुलिस तीनों से पूछताछ कर उनकी पहचान और क्षेत्र में आने के उद्देश्य का पता लगाने में जुटी है. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले बारियादा में मोबाइल दुकान और बोड़ाम में जूलरी दुकान में चोरी की घटनाएं सामने आई थीं. इन घटनाओं के बाद से क्षेत्र के दुकानदारों और ग्रामीणों में पहले से ही आक्रोश और सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है. बुधवार की घटना के बाद लोगों में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सतर्कता और बढ़ गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने, नियमित गश्त बढ़ाने और दुकानदारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.




