रांची : झारखंड के जेपीएससी व जेएसएससी सीजीएल के चयनित अभ्यर्थियों का हंगामा जारी है. सभी 22 परीक्षा रद्द होने के बाद चयनित सारे लोग बेरोजगार हो गये है. वे लोग करीब 11 माह तक काम कर चुके है. उनकी नौकरी अब छिन गयी है. लिहाजा, वे लोग गुस्से में लगातार आंदोलन कर रहे है. इस आंदोलन के कारण सचिवालय का कामकाज ठप है. झारखंड की राजधानी रांची के प्रोजेक्ट भवन सचिवालय परिसर के भीतर बैरिकेट तोड़कर सारे लोग घुस गये और हंगामा करने लगे. वे लोग नारा लगा रहे थे न्याय दो या फांसी दो. इस कारण सचिवालय परिसर में जमकर हंगामा होता रहा. सरकार से परीक्षा रद्द करने के फैसले को वापस लेने की मांग ये लोग कर रहे है. (नीचे भी पढ़ें)
सचिवालय परिसर में बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. लेकिन इसके बावजूद सारी सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए बैरिकेट को तौड़कर सारे लोग सचिवालय के भीतर प्रवेश कर गये और हंगामा करने लगे. वे लोग चाहते है कि पहले जांच करायी जाये. अगर कॉपी गलत हुई या फिर उनकी संलिप्तता पायी गयी तो फिर सजा दी जाये. एक बार में सारे लोगों की नौकरी ही छिन लेना गलत है. इन लोगों ने सचिवालय परिसर में ही अपना तंबू लगा दिया है. इन लोगों का कहना है कि उनकी नौकरी चली गयी है. वे लोग परीक्षा देकर आये है. किसी एक या दो लोगों की सजा उन सारे लोगों को कैसे दी जा सकती है. यह नैसर्गिक न्याय नहीं है. फिलहाल, अब यह आंदोलन तेज होता जा रहा है.







