जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल में जल्द ही दो ईईजी (इलेक्ट्रोएन्सेफेलोग्राम) मशीन स्थापित की जाएगी. मशीन लगने के बाद मस्तिष्क से जुड़ी बीमारियों की जांच और उनके सटीक निदान में सुविधा होगी. इससे गरीब मरीजों को महंगी ईईजी जांच के लिए निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों का रुख नहीं करना पड़ेगा.एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ बलराम झा ने बताया कि अस्पताल के लिए दो ईईजी मशीन समेत कई अन्य चिकित्सा उपकरणों की खरीदारी की गई है. जल्द ही मशीनों को अस्पताल में स्थापित कर दिया जाएगा. ईईजी मशीन को शिशु एवं मेडिसिन विभाग के पास लगाने की योजना है, ताकि ओपीडी के साथ-साथ वार्ड में भर्ती मरीजों को भी जांच की सुविधा तत्काल मिल सके. (नीचे भी पढ़ें)
ईईजी एक महत्वपूर्ण न्यूरोलॉजिकल जांच है, जिसके माध्यम से मस्तिष्क की विद्युत गतिविधियों और ब्रेन वेव्स को रिकॉर्ड किया जाता है. मिर्गी के दौरे (सीजर्स), नींद से संबंधित बीमारी और ब्रेन डैमेज जैसी स्थितियों के निदान में यह जांच काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है. शहर के निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों में ईईजी जांच के लिए मरीजों को करीब 1500 से 3000 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं. एमजीएम में यह सुविधा उपलब्ध होने से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.




