जगन्नाथपुर: पश्चिम सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर के कांग्रेस विधायक सोनाराम सिंकु को पार्टी का जिला अध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह और खुशी की लहर है. उनके मनोनयन से कांग्रेस खेमे में ऊर्जा का संचार हुआ है और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया.विधायक सोनाराम सिंकु के जिला अध्यक्ष बनने की सूचना मिलते ही कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में खुशी की लहर दौड़ गयी. मझगांव में कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर एक-दूसरे को लड्डू खिलाए और अपनी प्रसन्नता व्यक्त की. इस दौरान पार्टी नेताओं ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में जिले में कांग्रेस पार्टी का जनाधार और अधिक मजबूत होगा.(नीचे भी पढ़े)
कांग्रेस के जिला सचिव इरशाद अहमद, मोहम्मद इमरान, राजीव गांधी पंचायती राज जिला अध्यक्ष रितेश कुमार तामसोय, जिला महासचिव मासूम रजा और शैलेश गोप ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष को बधाई दी है. नेताओं ने कहा कि सोनाराम सिंकु एक जमीनी कार्यकर्ता हैं जो क्षेत्र की समस्याओं को भली-भांति समझते हैं. उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और जनसंपर्क का लाभ पूरे संगठन को मिलेगा तथा पंचायत स्तर तक पार्टी का विस्तार होगा.जिला पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि सोनाराम सिंकु के कुशल नेतृत्व में सभी कार्यकर्ता तन-मन-धन से पार्टी के लिए कार्य करेंगे. पार्टी और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल होने के कारण आगामी चुनावों में कांग्रेस की स्थिति जिले में और अधिक सुदृढ़ होगी. सभी ने एक एकजुट होकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया है.




