चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना अंतर्गत बंसा में बुधवार की रात अंग्रेजी शराब दुकान में लूटने पहुंचे तीन नकाबपोश अपराधियों के मंसूबे को दुकानदार की हिम्मत और सूझबूझ ने नाकाम कर दिया. घटना रात करीब 10:55 बजे की है.जानकारी के अनुसार, तीनों अपराधियों ने शराब दुकान का ग्रील खुलवाने के लिए संचालक धीरज सिंह को धमकाया. इनमें एक अपराधी के पास कथित रूप से हथियार था, जबकि दो अन्य चाकूनुमा हथियार लिए हुए थे. अपराधियों ने धीरज पर हथियार से वार भी किया, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और लूट का विरोध करते रहे.(नीचे भी पढ़े)
दुकानदार के प्रतिरोध और परिस्थितियां अनुकूल नहीं होने पर तीनों अपराधी बिना लूटे ही मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलने के बाद चौका पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है. चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार ने कहा कि अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.




