जमशेदपुर : जमशेदपुर के डिमना बस्ती निवासी डिलीवरी बॉय लाल किशोर सिंह ने एमजीएम थाना में शिकायत देकर ग्राहक हिमांशु राज और उसके साथ मौजूद एक युवक पर मारपीट एवं जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है. शिकायत के अनुसार, गुरुवार को लाल किशोर सिंह को एमजीएम हॉस्टल के पास रहने वाले हिमांशु राज के नाम का पार्सल डिलीवर करना था. ग्राहक के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर नंबर गलत बताया गया. इसके बाद उसने पार्सल डिलीवरी कार्यालय में जमा कर दिया और अपने अन्य काम के लिए चला गया. आरोप है कि इसी दौरान हिमांशु राज और उसके साथ मौजूद युवक ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं. (नीचे भी पढ़ें)

घटना की जानकारी उसने अपने डिलीवरी कार्यालय को दी और इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचा. लाल किशोर का आरोप है कि अस्पताल में प्राचार्य से मिलने के लिए उसे करीब तीन घंटे इंतजार करना पड़ा. बाद में प्राचार्य डॉ संजय सिंह से मुलाकात होने पर उसने घटना और अपनी चोटों की जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि उसे मामले में मदद करने में असमर्थता जताते हुए वहां से जाने को कहा गया. पीड़ित ने एमजीएम थाना प्रभारी से मामले की जांच कर आरोपी हिमांशु राज और उसके साथी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद कॉलेज में डिलीवरी पर रोक : घटना के बाद एमजीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय सिंह ने कॉलेज परिसर के अंदर डिलीवरी बॉय के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी है. नई व्यवस्था के तहत अब डिलीवरी कर्मी पार्सल लेकर केवल कॉलेज के मुख्य गेट तक जा सकेंगे. यह व्यवस्था गुरुवार देर शाम से लागू कर दी गई है. हालांकि, इस फैसले से कॉलेज के विभिन्न हॉस्टलों में रहने वाले छात्रों को पार्सल मंगाने में परेशानी बढ़ सकती है.




