जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे कपाली के हंसाडुंगरी झोपड़ी बस्ती में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 60 से 70 हजार रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया. घटना के समय घर के सभी सदस्य बाहर गए हुए थे. शाम को काम खत्म कर परिवार के सदस्य विष्णु दास जब घर लौटे, तो देखा कि घर के तीन दरवाजों के ताले टूटे हुए हैं और दरवाजे खुले पड़े हैं. घर के अंदर तलाशी लेने पर एक कमरे से 1,500 रुपये, दूसरे कमरे से करीब 15 हजार रुपये नकद और सोने की कान की बाली गायब मिली. (नीचे भी पढ़ें)

परिवार के अनुसार, चोर घर के पीछे की ओर से अंदर दाखिल हुए और वारदात को अंजाम दिया. घटना की सूचना मिलते ही कपाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चोरों का पता लगाने में जुटी है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ रही है. मेहनत की कमाई से लोग वर्षों में अपनी जमा-पूंजी तैयार करते हैं, लेकिन चोर कुछ ही मिनटों में घर का सामान समेटकर फरार हो जाते हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि अपराधियों के मन में पुलिस और कानून का डर आखिर क्यों कम होता जा रहा है? स्थानीय लोगों ने चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.




