जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के बाद एक युवक द्वारा कथित तौर पर धारदार चाकू से अपना गला काटकर आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है. घटना के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार, लुपुंग टोला निवासी जोबा मार्डी और परसुडीह थाना क्षेत्र के राहड़गोड़ा निवासी विजय टोप्पो के बीच करीब 9 वर्षों से प्रेम संबंध था. बताया जा रहा है कि विजय टोप्पो पहले से शादीशुदा था और उसकी पहली पत्नी से तलाक हो चुका है. उसके बच्चे भी हैं. शुक्रवार सुबह किसी बात को लेकर विजय टोप्पो और जोबा मार्डी के बीच विवाद हो गया. विवाद के बाद विजय टोप्पो ने कथित तौर पर धारदार चाकू से अपने ही गले पर वार कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद वह खून से लथपथ हालत में गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की सूचना मिलने के बाद गोविंदपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल विजय टोप्पो को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है.




