जमशेदपुर : झारखण्ड मानवाधिकार सम्मेलन (जेएचआरसी) अपने संगठन के विस्तार को लेकर सितंबर माह से व्यापक सदस्यता अभियान शुरू करेगा. अभियान के प्रथम चरण में एक माह के भीतर 1,000 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. उक्त बातें जेएचआरसी के केंद्रीय अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने मानगो में आयोजित एक बैठक में कहीं. उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करते हुए मानवाधिकारों से जुड़े जनहित के मुद्दों को और प्रभावी ढंग से उठाने की तैयारी की जा रही है. संगठन की बैठक में अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने सदस्यता अभियान के आरम्भ करने की घोषणा करते हुए कहा कि संगठन का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को मानवाधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट करना है. उन्होंने कहा कि जल्द ही संगठन का विस्तार कर नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर चरणबद्ध तरीके से प्रभावी अभियान चलाया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
बढ़ते अपराध पर जताई गंभीर चिंता : बैठक में जमशेदपुर की गिरती कानून-व्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त की गई. मनोज मिश्रा ने कहा कि शहर में लगातार आपराधिक घटनाओं की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल बन रहा है. उन्होंने चापड़बाजी, चेन छिनतई सहित अन्य आपराधिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि यदि आम नागरिक भय के वातावरण में जीवन जीने को मजबूर हों और उनकी सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी रहे, तो यह मानवाधिकार के दृष्टिकोण से गंभीर विषय है. उन्होंने प्रशासन से कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम करने की मांग की.
बच्चों के भविष्य और रोजगार से जुड़े सवाल भी उठाए : मनोज मिश्रा ने बच्चों के भविष्य और रोजगार से जुड़े कथित अनियमितताओं पर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि एक ओर आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, वहीं दूसरी ओर युवाओं के रोजगार और भविष्य से जुड़े गंभीर सवाल सामने आ रहे हैं. उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और संवेदनशील बनाए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर बनेगी मानव श्रृंखला जेएचआरसी अध्यक्ष ने घोषणा की कि शहर की गिरती कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर जल्द ही मानव श्रृंखला बनाई जाएगी. उन्होंने कहा कि संगठन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से जनहित की आवाज को मजबूती से उठाएगा. उन्होंने कहा कि मानवाधिकार प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है और इन अधिकारों की रक्षा करना जेएचआरसी का मुख्य उद्देश्य है. संगठन आने वाले दिनों में अपने विस्तार के साथ मानवाधिकार, नागरिक सुरक्षा और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाएगा. बैठक में मनोज मिश्रा के साथ किशोर वर्मा, सलावत महतो, रेणु सिंह, अभिजीत चंदा, रिया बनर्जी, संतोष कुमार, डी एन शर्मा, जगन्नाथ महंती, एस के बसु, अनीमा दास, देवाशीष दास, हरदीप सिद्दू, ऋषि गुप्ता, बिनोद कुमार, गुरूमुख सिंह, श्याम लाल सहित काफ़ी सदस्य मौजूद थे .




