जमशेदपुर:विद्यापति परिषद्, बागबेड़ा के कार्यकारिणी पुनर्गठन एवं चुनाव की प्रक्रिया रविवार को परिषद् भवन में सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई. कुल 34 सदस्यों में से 7 सदस्य शहर से बाहर होने के कारण उपस्थित नहीं हो सके, जबकि शेष 27 में से 20 सदस्यों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई. इसके साथ ही परिषद् के मार्गदर्शक मंडल के 10 वरिष्ठ सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे.चुनाव प्रक्रिया का संचालन चुनाव समिति के सदस्यों डॉ. अशोक अविचल, डॉ. रवीन्द्र चौधरी एवं जेसी झा की देखरेख में संपन्न हुआ. इस पूरी चुनाव प्रक्रिया में मिथिला संस्कृति परिषद् के अध्यक्ष आकाश चंद्र मिश्रा, पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे.(नीचे भी पढ़े)

सर्वसम्मति से हुआ पदाधिकारियों का चुनाव:अध्यक्ष पद: डॉ. रवीन्द्र चौधरी द्वारा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन आमंत्रित किए जाने पर हरेराम चौधरी ने अनूप मिश्रा ‘ज्योति’ के नाम का प्रस्ताव रखा. इस प्रस्ताव का समर्थन अभिलाष मिश्रा एवं उपस्थित सभी 20 सदस्यों ने करतल ध्वनि से किया. इसके बाद अनूप मिश्रा ‘ज्योति’ को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुन लिया गया. महासचिव पद के लिए डॉ. रवीन्द्र चौधरी ने महासचिव पद के लिए नाम मांगा, जिस पर अवधेश मिश्रा ने अखिलेश मिश्रा के नाम का प्रस्ताव रखा. इसका समर्थन अशोक चौधरी एवं सभी उपस्थित सदस्यों ने किया, जिसके बाद अखिलेश मिश्रा को महासचिव घोषित किया गया. कोषाध्यक्ष पद के लिए रंजीत झा के नाम पर सभी सदस्यों ने अपनी सहमति दी और उन्हें सर्वसम्मति से कोषाध्यक्ष चुना गया.चुनावी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी गई. नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों तथा मार्गदर्शक मंडल का आभार व्यक्त करते हुए परिषद् के विकास एवं सामाजिक कार्यों को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.




