जमशेदपुर : टाटानगर होकर चलने वाली शालीमार-उदयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस का परिचालन अब सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन किया जायेगा. रेल मंत्रालय ने इस ट्रेन सेवा के फेरे बढ़ाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है. इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो को पत्र भेजकर विधिवत सूचित किया है. (नीचे भी पढ़ें)
पत्र में बताया गया है कि जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र के निवासियों की सुविधा और मांग को देखते हुए ट्रेन के फेरों में विस्तार किया गया है. गौरतलब है कि सांसद श्री महतो ने विगत दिनों रेल मंत्री से मिलकर इस ट्रेन के फेरे बढ़ाने का आग्रह किया था. निर्णय पर सांसद ने रेल मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इससे राजस्थान जाने वाले प्रवासियों व आम यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी.






