जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध भूतनाथ मंदिर में सावन की अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच महिला के गले से करीब पांच लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन गायब होने का मामला सामने आया है. पूजा-अर्चना के दौरान हुई इस घटना से मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़िता ने आशंका जतायी है कि भीड़ का फायदा उठाकर सुनियोजित तरीके से चेन चोरी की गयी. जानकारी के अनुसार, सोनारी निवासी रीना चौधरी सोमवार दोपहर करीब पौने 12 बजे अपनी सहेली के साथ मंदिर पहुंची थीं. पहले उन्होंने खाटू श्याम मंदिर में पूजा की. इसके बाद भगवान शिव को जल चढ़ाने के लिए भूतनाथ मंदिर गयीं. सावन की अंतिम सोमवारी होने के कारण मंदिर में काफी भीड़ थी. रीना के अनुसार, मंदिर में प्रवेश के दौरान तीन महिलाएं और तीन पुरुष उनके पीछे आ गये. आरोप है कि भीड़ के बीच एक महिला ने उन्हें उनकी सहेली से अलग कर दिया. इसके बाद अन्य लोग उनके आसपास आकर खड़े हो गये. श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक होने के कारण उन्हें उस समय किसी तरह का संदेह नहीं हुआ और वह पूजा में व्यस्त हो गयीं. (नीचे भी पढ़ें)
पूजा समाप्त होने के बाद मंदिर से बाहर निकलते समय सहेली ने रीना को बताया कि उनके गले में पहनी सोने की चेन नजर नहीं आ रही है. इसके बाद उन्होंने गले को टटोलकर देखा तो चेन गायब थी. रीना का कहना है कि मंदिर में प्रवेश करने तक चेन उनके गले में थी। इससे उन्हें आशंका है कि भीड़ में घेरकर चेन चोरी की गयी. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. फुटेज में कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां सामने आने की बात कही जा रही है. पुलिस आने-जाने वाले लोगों की पहचान करने के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात किसी गिरोह ने अंजाम दी या इसमें स्थानीय स्तर पर शामिल लोग हैं. पुलिस का फोकस भीड़ में महिला और पुरुषों के उस समूह की पहचान पर है, जो पीड़िता के पीछे मंदिर में प्रवेश करता दिखाई दिया.







