जमशेदपुर : जमशेदपुर की झारखंड क्षत्रिय महिला संघ बिष्टुपुर इकाई की अध्यक्ष सीमा सिंह की नेतृत्व में सेल्सियस रेस्टोरेंट में सावन महोत्सव का भव्य एवं मनोरंजक आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया. सावन की हरियाली, उमंग और उत्साह से सराबोर इस कार्यक्रम में महिला सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. कार्यक्रम में नृत्य, गायन, प्रश्नोत्तरी एवं रैंप वॉक जैसी विभिन्न मनोरंजक और प्रतिभा-आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. नृत्य में निशी, वंदना एवं सीमा ने अपनी शानदार प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया, जबकि गायन में रेणु ने अपनी मधुर आवाज से कार्यक्रम में रंग भर दिया. वहीं रैंप वॉक एवं सावन थीम पर आयोजित प्रतियोगिता में ज्योति सिंह को ‘सावन क्वीन’ चुना गया. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला. सभी प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया और आयोजन का भरपूर आनंद उठाया. पूरा वातावरण हंसी-खुशी, संगीत और सावन की उमंग से सराबोर रहा. आयोजकों ने कहा कि सावन महोत्सव का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना, आपसी मेल-जोल बढ़ाना और व्यस्त दिनचर्या के बीच एक-दूसरे के साथ खुशनुमा समय बिताना है. ऐसे आयोजन महिलाओं के बीच सामाजिक एवं पारिवारिक संबंधों को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर झारखंड क्षत्रिय महिला संघ की अध्यक्ष कविता परमार, महासचिव मंजू सिंह, संरक्षिका नीरू सिंह, केंद्रीय महिला सचिव आशा सिंह, अर्चना सिंह, रीता सिंह, संध्या सिंह, रीवा सिंह, पूनम सिंह, वंदना, सोनाली सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला सदस्य उपस्थित रहीं. सावन महोत्सव का यह आयोजन आपसी सौहार्द, महिला प्रतिभा और उत्सवधर्मिता का सुंदर संगम बनकर यादगार रहा.







