जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर नकेल कसने के लिए एसपी सरायकेला के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. एसडीपीओ सरायकेला और पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में आमदा ओपी पुलिस ने शनिवार को गुलगुलिया बस्ती में छापेमारी कर चोरी के आभूषणों के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है.पुलिस ने आरोपी अरुण मोदी उर्फ बीफे मोदी के घर की तलाशी ली. तलाशी के दौरान टीन के बक्से के पीछे जमीन पर रखा एक पीले रंग का झोला मिला, जिस पर फ्रीडम मॉल लिखा था. झोले के अंदर कपड़े की पोटली में प्लास्टिक में लपेट कर रखे गए चांदी जैसे और सोना जैसे जेवरात मिले. घर से दो बक्सों में रखे 5 टच स्क्रीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए. (नीचे भी पढ़े)

बरामद सामान का कोई कागजात आरोपी परिवार नहीं दिखा पाया. पूछताछ में पकड़ी गई महिला तियू मोदी उर्फ दुर्गा श्री मोदी (22 वर्ष), पति अरुण मोदी, निवासी- गुलगुलिया बस्ती, आमदा, ने स्वीकार किया कि उसने अलग-अलग जगहों से ये सामान चोरी किया है. पुलिस ने इस संबंध में खरसावां थाना में कांड संख्या- 41/26, धारा 317(2)/317(4)/317(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.पुलिस ने कुल 44 पीस आभूषण बरामद किए हैं, जिसमें 10 पीस चांदी की पायल, 3 चेन, 5 बच्चे के बेरा, 5 अंगूठी, 5 ताबीज समेत अन्य चांदी के जेवर और 12 पीस सिटी गोल्ड के हार, चेन, पंजा और कड़ा शामिल हैं. इसके अलावा 5 मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है. बरामद माल की अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये आंकी गई है.




