जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा के वर्कर्स फ्लैट में गैस कनेक्शन लगाने के दौरान बुधवार को हादसा हो गया. इस घटना में गैस कनेक्शन का काम कर रहे दो मजदूर झुलस गए. दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. वहीं एक मजदूर की हालत गंभीर है. घायलों की पहचान कपाली निवासी गुलाम कादिर और सत्तार अंसारी के रूप में हुई है. घायल सत्तार अंसारी ने बताया कि वे लोग एक फ्लैट में गैस कनेक्शन लगाने का काम कर रहे थे. इसी दौरान दीवार में ड्रिल मशीन से छेद किया जा रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
आरोप है कि ड्रिलिंग के दौरान निकली चिंगारी से अचानक आग लग गई. सत्तार के अनुसार, गैस पाइप से कुछ मात्रा में गैस का रिसाव हो रहा था, जिसके कारण आग तेजी से भड़क गई और दोनों मजदूर उसकी चपेट में आकर झुलस गए. घटना के बाद दोनों को तुरंत एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है.








