श्रीहरिकोटा : भारत ने शुक्रवार को अंतरिक्ष के क्षेत्र में एक और बड़ी सफलता हासिल कर ली है. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने आज सुबह श्रीहरिकोटा से जीएसएलवी-एफ17 रॉकेट के जरिये अपना पृथ्वी अवलोकन उपग्रह ईओएस-05 का सफल प्रक्षेपण किया. इसरो के अनुसार, प्रक्षेपण के करीब 18 मिनट बाद भारत के पहले इमेजिंग उपग्रह को जियोसिंक्रोनस कक्षा में सफलता पूप्वक स्थापित कर दिया गया. ईओएस-05 से वास्तविक समय में तस्वीरें मिलेंगी. इससे कृषि और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में मदद मिलेगी. इसरो अध्यक्ष वी नारायणन ने कहा कि यह मिशन भारत की पृथ्वी अवलोकन क्षमताओं को और मजबूत करेगा. (नीचे भी पढ़ें)
श्री नारायणन ने कहा कि ईओएस-05 अत्याधुनिक पृथ्वी अवलोकन उपग्रह है. यह भू-समकालिक कक्षा में स्थापित किया जाने वाला भारत का पहले इमेजिंग उपग्रह है. उन्होंने कहा कि यह अभियान भारत की पृथ्वी अवलोकन क्षमता को और मजबूत करेगा और इससे पृथ्वी अवलोकन सेवाओं में सुधार होगा. इसरो अध्यक्ष ने मीडिया से बातचीत में यह जानकारी दी. इससे पूर्व श्री नारायणन ने कल श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद जीएसएलवी-एफ17 रॉकेट का मॉडल भगवान वेंकटेश्वर के चरणों में अर्पित किया था.




