जमशेदपुर: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह मेन रोड पर ट्रेलर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल 48 वर्षीय उत्तम कालिन्दी उर्फ उत्तम मल्लिक की इलाज के दौरान मौत हो गई. उन्होंने शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे पारडीह स्थित उमा सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल में अंतिम सांस ली. मृतक के बेटे दीपक मल्लिक के बयान पर सीतारामडेरा थाना में ट्रेलर चालक के खिलाफ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है. हादसे के बाद चालक ट्रेलर को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया था. पुलिस ने ट्रेलर संख्या जेएच 02एच 0984 को जब्त कर लिया है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस अब वाहन के आधार पर फरार चालक की पहचान करने में जुटी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी व अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. बताया जाता है कि उत्तम कालिन्दी ट्रक के इंजन बनाने का काम करते थे. उनकी कमाई से ही परिवार का भरण-पोषण होता था. उनकी अचानक मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनके सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है.




