जमशेदपुर : भाजपा जमशेदपुर महानगर की महत्वपूर्ण मासिक संगठनात्मक बैठक शुक्रवार को सोनारी स्थित चित्रगुप्त भवन में महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद आभा महतो, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, जिला प्रभारी बबन गुप्ता, पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेतागण शामिल रहे. बैठक में सेवा संकल्प अभियान, बूथ सशक्तिकरण, एसआईआर फेज-2, संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तृत मंथन किया गया. साथ ही, पांचवीं बार ‘संसद रत्न’ पुरस्कार से सम्मानित सांसद विद्युत वरण महतो का महानगर भाजपा की ओर से अभिनंदन किया गया. बैठक का शुभारंभ भाजपा के पितृपुरुष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के छविचित्र पर पुष्प अर्पित करने और सामूहिक रूप से वंदे मातरम् के गान के साथ हुआ. इस दौरान महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने स्वागत संबोधन में पिछले दिनों संपन्न संगठनात्मक गतिविधियों एवं पार्टी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कार्यकर्ताओं की सक्रियता एवं समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा संगठन की शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ताओं और बूथ स्तर पर मजबूत संगठन में निहित है. उन्होंने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से पूर्ण समन्वय, अनुशासन एवं एकजुटता के साथ कार्य करने का आह्वान किया. बैठक को संबोधित करते हुए सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि मासिक संगठनात्मक बैठक पार्टी के कार्यक्रमों की समीक्षा, आगामी कार्ययोजना तय करने और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण में लगभग सात गुना, मोबाइल फोन उत्पादन में करीब 35 गुना और रक्षा उत्पादन में लगभग चार गुना वृद्धि हुई है. डिजिटल लेनदेन का विस्तार करीब 100 गुना हुआ है. रेलवे विद्युतीकरण, आधुनिक आधारभूत संरचना, सेमीकंडक्टर निर्माण, ऊर्जा सुरक्षा और स्वदेशी तकनीक के क्षेत्र में भारत ने नई क्षमताएं विकसित की हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है. भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस राष्ट्र निर्माण की यात्रा का सहभागी है और बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती के साथ जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर इस संकल्प को और मजबूत करना है. (नीचे भी पढ़ें)

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने सेवा संकल्प अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा यात्रा के उपलक्ष्य में उनके जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक भाजपा सेवा संकल्प अभियान चलाएगी. कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में गरीब कल्याण, किसान हित, रोजगार, आधारभूत संरचना और जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। डॉ. गोस्वामी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को प्रत्येक घर में दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा. अभियान के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के अनुभवों का संकलन किया जाएगा. प्रत्येक मंडल समिति द्वारा एक महत्वपूर्ण सेवा कार्य अथवा रचनात्मक प्रकल्प संचालित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के सेवा एवं जनकल्याण कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता, आंगनबाड़ी केंद्रों की सहिया एवं सहायिका दीदियों का सम्मान तथा विभिन्न मोहल्लों में सेवा ज्योति यात्रा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र के लक्ष्य की ओर तेज गति से आगे बढ़ रहा है. प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद आभा महतो ने संगठनात्मक अनुशासन, नियमित जनसंपर्क एवं बूथ सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा की वास्तविक ताकत उसका मजबूत बूथ संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ बूथ समितियों को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने का आह्वान किया. प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने एसआईआर फेज-2 एवं बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता को लेकर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ को संगठन की सबसे मजबूत इकाई बनाने का संकल्प लेना होगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में पूरी गंभीरता एवं सजगता के साथ अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया. वहीं, जिला प्रभारी बबन गुप्ता ने संगठनात्मक कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए महानगर के विभिन्न मंडलों एवं बूथों में पिछले दिनों किए गए संगठनात्मक कार्यों की जानकारी लेते हुए प्रगति का रिपोर्ट कार्ड लिया. उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा सौंपे गए प्रत्येक दायित्व का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें. (नीचे भी पढ़ें)
पांचवीं बार ‘संसद रत्न’ मिलने पर सांसद विद्युत महतो का हुआ अभिनंदन
बैठक के दौरान जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो को लगातार पांचवीं बार प्रतिष्ठित ‘संसद रत्न’ पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से उनका अभिनंदन किया गया. महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सांसद को अंगवस्त्र भेंट कर एवं मिठाई खिलाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर सांसद विद्युत वरण महतो ने भाजपा कार्यकर्ताओं एवं जमशेदपुर की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘संसद रत्न’ सम्मान लौहनगरी की जनता के विश्वास, समर्थन एवं आशीर्वाद तथा भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है. बैठक में मंच संचालन जिला महामंत्री राजीव सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री जितेंद्र राय ने किया. इस दौरान बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रह्मदेव नारायण शर्मा, देवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, बिनोद सिंह, गुंजन यादव, मनोज सिंह, राजन सिंह, जटाशंकर पांडेय, कल्याणी शरण, कुलवंत सिंह बंटी, जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति, जिला पदाधिकारी संजीव सिंह, बबुआ सिंह, राजीव सिंह, जितेंद्र राय, मुचिराम बाउरी, तन्मय झा, रीना चौधरी, रेणु सिन्हा, कृष्णा शर्मा काली, संजीत चौरसिया, संजीव कुमार, प्रेम झा, ज्ञान प्रकाश, बिनोद सिंह, अमित सिंह, किशोर ओझा, नीतीश कुशवाहा, नीलु मछुआ, रमेश बास्के, अजय श्रीवास्तव, खेमलाल चौधरी, अप्पा राव, पप्पू सिंह, चंद्रशेखर गुप्ता समेत विभिन्न मंडलों के प्रभारी, प्रवासी एवं विभिन्न मंडलों के अध्यक्षगण मौजूद रहे.




