जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में कान, नाक एवं गला (ईएनटी) विभाग के चिकित्सकों ने एक जटिल और दुर्लभ सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है. ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ भीमसेन हांसदा के मार्गदर्शन में 4 सितंबर 2026 को 35 वर्षीय महिला मरीज का सफल ऑपरेशन किया गया. महिला पिछले करीब डेढ़ वर्ष से मुंह के निचले हिस्से में गंभीर सूजन से परेशान थी. जांच में उसके जीभ के नीचे स्थित सबलिंगुअल क्षेत्र से गर्दन तक फैले एपिडर्मॉइड सिस्ट का पता चला. चिकित्सकों के अनुसार मुंह और गर्दन में इस तरह का सिस्ट बेहद दुर्लभ है और 0.01 प्रतिशत से भी कम मामलों में पाया जाता है. (नीचे भी पढ़ें)
गर्दन पर नहीं लगाया गया कोई चीरा : सर्जरी को चुनौतीपूर्ण माना जा रहा था, लेकिन मेडिकल टीम ने चेहरे या गर्दन पर किसी तरह का बाहरी चीरा लगाए बिना जनरल एनेस्थीसिया में मुंह के अंदर से ही इंट्राओरल अप्रोच के जरिए सिस्ट को पूरी तरह निकाल दिया. ऑपरेशन डॉ निहार टोपनो के नेतृत्व में किया गया. एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ आशा, सहायक चिकित्सक डॉ कोमल, डॉ दशरथ और डॉ असद के साथ नर्सिंग स्टाफ रेनू कुमारी और ओटी स्टाफ रोहित ने सर्जरी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.सफल ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है और वह स्वस्थ है. एमजीएम अस्पताल के चिकित्सकों की इस उपलब्धि को जटिल और दुर्लभ मामलों के इलाज की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है.




